झारखंड को कुपोषण से मुक्त करना हम सबों का दायित्व: उपायुक्त
खूंटी, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिला प्रशासन (समाज कल्याण शाखा) खूंटी की ओर से पोषण पखवाड़ा का समापन समारोह मंगलवार को समाहरणालय के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपायुक्त लोकेश मिश्रा शामिल हुए। आठ से 22 अप्रैल तक चले इस पोषण पखवाड़ा अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों में मिलेट्स और मोटे अनाज से बने पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शित कर पोषाहार के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
समापन समारोह के दौरान समाहरणालय परिसर में मिलेट्स, मोटे अनाज और विभिन्न साग-सब्जियों से बने विविध प्रकार के पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका निरीक्षण उपायुक्त ने किया और उनकी सराहना की।
उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार इन व्यंजनों को पोषण के क्षेत्र में एक सशक्त पहल बताया। पोषण पखवाड़ा समापन समारोह के दौरान जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं के बीच स्मार्टफोन का वितरण उपायुक्त ने किया ।
उल्लेखनीय है कि जिले के कुल 840 आंगनबाड़ी केंद्रों की सभी सेविकाओं को सरकार की ओर से स्मार्टफोन दिया गया है। उपायुक्त ने सेविकाओं की ओर से किए जा रहे कार्यों को सराहा और कहा कि स्मार्टफोन के माध्यम से पोषण ट्रैकर में योग्य गर्भवती, धात्री महिलाएं, बच्चों की प्रविष्टि समय पर दर्ज की जाए। इसके अलावा, आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी पोषण ट्रैकर में ऑनलाइन ससमय अपलोड किया जाए।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह सशक्त हों। समारोह में पोषण पखवाड़ा के दौरान आयोजित व्यंजन प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मुरहू की सेविका को प्रथम, कर्रा की सेविका को द्वितीय और अड़की की सेविका को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उपायुक्त ने सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया । इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कुपोषण मुक्त झारखंड का निर्माण करना। इसके लिए जरूरी है कि हम सभी मिलकर पोषाहार को जन-जन तक पहुंचाएं और विशेष रूप से गर्भवती, धात्री महिलाओं और बच्चों को पोषाहार अपनाने के लिए प्रेरित करें।