बस्तर पंडुम महोत्सव का हुआ शुभारंभ, बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का किया प्रदर्शन
कोण्डागांव, 17 मार्च (हि.स.)। जिला मुख्यालय में बस्तर पंडुम महोत्सव का शुभारंभ आज साेमवार काे जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। तीन दिवसीय इस महोत्सव के पहले दिन आदिवासी समुदाय की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन किया गया। जनजातीय नृत्य, पारंपरिक वेषभूषा और आभूषणों की झलक देखने को मिली। मांदरी नृत्य और आंगा देव की आकर्षक झांकी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए, जिससे बस्तर की सांस्कृतिक विरासत की झलक मिली। इस दौरान आदिवासी समुदाय की कला, परिधान और हस्तशिल्प को भी प्रदर्शित किया गया। आयोजन समिति के अनुसार बस्तर पंडुम महोत्सव न केवल सांस्कृतिक उत्सव है, बल्कि यह आदिवासी समाज की परंपराओं और उनकी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का भी माध्यम है।आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे जिले की आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। पहले दिन के आयोजन में जनपद अध्यक्ष अनिता कोर्राम, नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
—————