अफीम की अवैध खेती के खिलाफ प्रशासन ने चलाया अभियान

Share

अफीम की अवैध खेती के खिलाफ प्रशासन ने चलाया अभियान

खूंटी, 17 फरवरी (हि.स.)। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देशानुसार सोमवार को खूंटी के जमडी, अड़की के बगडी समेत अन्य प्रखंड में जिला प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया। इस अभियान के दौरान ट्रैक्टर और अन्य संसाधनों की मदद से बड़ी मात्रा में अवैध फसल नष्ट की गई। इस कार्रवाई में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा स्थानीय लोगों को अवैध अफीम की खेती से होने वाले कानूनी और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा उन्हें वैकल्पिक और लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध अफीम की खेती किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

—————