दिल्ली में सरकारी खजाने की गंगा जनता की ओर बहरही है :केजरीवाल

Share

दिल्ली में सरकारी खजाने की गंगा जनता की ओर बह

रही है :

केजरीवाल

नई दिल्ली, 29 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बादली विधानसभा में पार्टी उम्मीदवार अजेय यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकारी खजाने की गंगा जनता की ओर बह रही है जबकि दूसरे राज्यों में यह अमीरों की तरफ बह रही है। दिल्ली की जनता के टैक्स का पैसा आम आदमी पार्टी पूरी ईमानदारी से उन पर ही खर्च करती है।

उन्होंने कहा कि अगर आप लोगों ने मतदान के दिन (पांच फरवरी) गलत बटन दबाया, तो दिल्ली में चल रही फ्री की पांच योजनाएं बंद हो जाएंगी।

अरविंद केजरीवाल ने वादा किया कि चुनाव खत्म होने के बाद दिल्ली में राशन कार्ड बनाने का काम शुरू हो जाएग। दिल्लीवालों को 24 घंटे साफ पानी मिलेगा। छात्रों को बसों में फ्री और मेट्रो में पचास फीसद की छूट मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारी टीम दिल्ली के हर बच्चे को रोजगार देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं को फ्री बस सुविधा देने में सरकार के बस चार सौ करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। उन्होंने महिलाओं से कहा कि आप चिंता न करें, हम महिला सम्मान राशि 21 हजार रुपये का इंतजाम करके देंगे।

केजरीवाल ने झुग्गी-बस्ती वालों से कहा कि अगर आप लोगों ने गलत बटन दबाया, तो दिल्ली में एक साल के अंदर सारी झुग्गी-बस्ती तोड़कर उसकी जमीन वह (भाजपा) अपने अरबपति दोस्तों को दे देंगे। उन्होंने झुग्गी-बस्ती वालों को पक्के घर देने का वादा किया।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा मिलकर आम आदमी को हराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा के आठ विधायकों पर अपने क्षेत्रों में काम न करने का भी आरोप लगाया।

—————