केजरीवाल के भ्रष्टाचार की कहानी सुनाने के लिए भाजपा ने किए नुक्कड़ नाटक 

Share

केजरीवाल के भ्रष्टाचार की कहानी सुनाने के लिए भाजपा ने किए नुक्कड़ नाटक 

नई दिल्ली, 14 दिसंबर (हि.स.)। दिल्ली भाजपा नेताओं ने नुक्कड़ सभा के माध्यम से दिल्ली की स्थानीय समस्याओं के साथ केजरीवाल के भ्रष्टाचारों की कहानी को हर घर तक पहुंचाया। शनिवार को नुक्क़ड़ सभाओं की अगुवाई दुष्यंत गौतम, विजेन्द्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, विजय गोयल ने की औऱ लोगों को संबोधित किया।

दिल्ली भाजपा द्वारा आज आयोजित विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं में मुख्य रूप से भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने पहाड़गंज मंडल में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने लाजपत नगर में, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने हौज खास मालवीय नगर में, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने तिमारपुर मंडल में आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।

भाजपा नेता नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से दिल्ली सरकार के 10 साल के भ्रष्टाचार को दिल्ली की जनता तक ले जा रहे हैं, जिसमें नुक्क़ड़ सभा भी एक मजबूत माध्यम बन रहा है। इसके साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जनता से एक फॉर्म भरवाया जा रहा है, जिसमें स्थानीय जनता अरविंद केजरीवाल और उनके विधायकों के खिलाफ शिकायतें दर्ज कर रही है। इन्हीं समस्याओं को भाजपा दिल्ली की जनता की आवाज बनकर उठा रही है।

भाजपा नेता दुष्यंत गौतम ने अपनी नुक्कड़ सभाओं में कहा कि दिल्ली सरकार आज अपनी राजनीतिक जमीन खो चुकी है, इसलिए अरविंद केजरीवाल को अपने विधायकों की विधानसभा सीट तक बदलनी पड़ी। दिल्ली में आज लोग अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार से परेशान हैं और अब लोग समझ चुके हैं कि अपने 10 साल के कार्यकाल में केजरीवाल ने सिर्फ छलावा किया है।

भाजपा नेता सतीश उपाध्याय ने कहा कि चाहे ऑटो वालों से किए गए वायदे हों या फिर महिलाओं से किए गए वायदे हों, अरविंद केजरीवाल ने कोई वायदा पूरा नहीं किया है। वह हर वायदों में फेल हुए हैं। केजरीवाल सरकार ने झुग्गीवालों के साथ छलावा किया है और आज झुग्गीवासी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने कोई विकास का कार्य नहीं किया लेकिन जैसे ही चुनाव आया है, अब वह लगातार लॉलीपॉप देने की कोशिश कर रहे हैं। इस बार दिल्लीवाले उनके झांसे में नहीं आने वाले हैं और इस बार सत्ता परिवर्तनकी तैयारी कर चुके हैं।

—————