विधानसभा चुनाव के बहिष्कार करने का  पीएलएफआई ने लगाया पोस्टर, जांच में जुटी पुलिस - सरस जनवाद

विधानसभा चुनाव के बहिष्कार करने का  पीएलएफआई ने लगाया पोस्टर, जांच में जुटी पुलिस

Share

विधानसभा चुनाव के बहिष्कार करने का  पीएलएफआई ने लगाया पोस्टर, जांच में जुटी पुलिस

रांची, 07 नवम्बर ( हि.स.)। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ़ इंडिया (पीएलएफआई) ने रांची के ग्रामीण क्षेत्र में पोस्टर लगाकर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की अपील की है। रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र के रांची -गुमला मार्ग पर कुछ जगहों पर लाल रंग के पोस्टर लगे होने की सूचना मिलने पर बेड़ो पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और यूको बैंक के पास लाल कपड़े पर लाल रंग से चुनाव बहिष्कार के लगे पोस्टर को हटाया।

पीएलएफआई की केंद्रीय कमेटी की ओर से जारी पोस्टर में लिखा है कि सरकार जनता के लिए किसी भी तरह का काम नहीं कर रही है, इसलिए पुलिस प्रशासन के राज को ध्वस्त करें। झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करें। पोस्टर में यह भी लिखा गया था कि झारखंड के सभी किसान, मजदूर, आदिवासी मूलवासी, छात्र, युवा महिलाएं जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए चुनाव बहिष्कार का आह्वान कर रहे हैं। झारखंड में स्थानीय नीति बनाने, एसपीटी में बदलाव के लिए वोट का बहिष्कार करें। बेड़ो डीएसपी अशोक राम ने गुरुवार को बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि पोस्टरबाजी संगठन द्वारा की गई है या किसी शरारती तत्वों द्वारा। बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

—————