अखिल भारत हिंदू महासभा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू
हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारत हिन्दू महासभा का 62वां दो दिवसीय राष्ट्रीय विशेष अधिवेशन शनिवार को कनखल स्थित राजपूत पंचायती धर्मशाल में शुरू हुआ। अधिवेशन के पहले दिन राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में पूरे देश में 50 लाख सदस्य बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए संगठन का विस्तार कर ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने होंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए महासभा ने अगले एक वर्ष में पचास लाख से ज्यादा सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि देश में एक समान नागरिक कानून बनाना है और हिन्दुओं के साथ वर्षों से हो रहे अत्याचार और अन्याय को समाप्त करना है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी सहजानन्द पुरी महाराज ने कहा कि 62 वर्ष पूर्व हरिद्वार में ही अखिल भारत हिंदू महासभा का गठन किया गया था। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। अधिवेशन में हिंदू और राष्ट्रीय हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाला समय भारत का है। भारत शीघ्र ही विश्व गुरू के रूप में पूरे विश्व का मार्गदर्शन करेगा।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में डॉ. जनार्दन उपाध्याय, पंडित राजन मिश्रा, राष्ट्रीय महामंत्री सुनील कुमार, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री वीरेश त्यागी, अरूमुगम स्वामी, पंडित जुगेन्द्र भारद्वाज, राष्ट्रीय विभाग मंत्री अनिल पवार, सत्येंद्र कुमार, मनोज कुमार, प्रो. बमबम सिंह, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं स्वागत समिति के महामंत्री ठाकुर संजीव सिंह राणा, प्रभात रंजन, आर. उदय कुमार, अमरजीत उपाध्याय, अनिल त्यागी, अमित वालिया, ललित सैनी, अशोक त्यागी, राकेश शर्मा, पी श्रवानंद, धर्मपाल सिंह सिवाल ठाकुर, अर्जुन सिंह, पंकज वर्मा, डॉ. सतीश कुमार, विनीत शर्मा, अजय सोम, राजीव आर्य सहित सैकड़ों प्रतिनिधि शामिल हुए।
—————