वोटिंग से पहले जल संकट पैदा करने के लिए भाजपा ने रचा नया षड़यंत्र-आतिशी

Share

नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी में जल मंत्री आतिशी ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि दिल्ली में वोटिंग से पहले जल संकट पैदा करने का भाजपा ने एक नया षड़यंत्र रचा है। उन्होंने कहा कि 25 मई को दिल्ली में मतदान होना है। इससे पहले भाजपा पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मचाने के लिए अपनी हरियाणा सरकार के जरिए दिल्ली को मिलने वाला पानी रोक रही है, ताकि लोग परेशान हों। उन्होंने दिल्लीवालों से भाजपा के इस षड़यंत्र में न फंसने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा ने दिल्ली की सातों सीटें हारता देख केजरीवाल को बदनाम करने के लिए यह षड़यंत्र रचा है।

उन्होंने कहा कि 11 मई से हरियाणा कम पानी दे रहा है। इससे यमुना का जल स्तर घटकर 670.9 फीट पर आ चुका है, जबकि यह 674 फीट होना चाहिए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भाजपा की साजिश से निपटने के लिए हमने तैयारी तेज कर दी है। दिल्ली जल बोर्ड को टैंकरों की संख्या और बोरबेल के चलने का समय बढ़ाने का निर्देश दे दिया है। इसके अलावा हम हरियाणा सरकार को चिट्ठी लिख रहे हैं और जरूरत पड़ने पर कोर्ट में अर्जी भी लगाएंगे।

आगे आतिशी ने बताया कि एक समान्य समय पर यमुना का जल स्तर वजीराबाद में 674 फीट होता है और अगर जल स्तर कम भी होता है तो 672 से नीचे नहीं जाता है। हमने जांच में पाया गया कि 11 मई से लेकर 21 मई तक हरियाणा की भाजपा सरकार धीरे-धीरे करके दिल्ली का पानी रोक रही है। 11 मई को यमुना का जल स्तर 671.6 फीट पर था, अगले तीन दिनों तक जल स्तर 671.6 फीट पर बना रहा। 14 और 15 मई को जल स्तर बढ़कर 671.9 फीट पर गया।

उन्होंने कहा कि 16 मई को जल स्तर 671.3 पर नीचे आ गया। 17, 18, 19 मई को जल स्तर गिरकर 671 फीट पर आ गया। 21 मई को 671 फीट से गिरकर 670.9 फीट पर आ गया।