श्रम विभाग की अव्यवस्थाओं पर महिलाओं का गुस्सा फुटा

Share

नई टिहरी, 11 मार्च (हि.स.)। जनपद के श्रम विभाग में श्रमिक कार्डों के नवीनीकरण में बरती जा रही अव्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को चंबा ब्लाक की महिलाओं व प्रधानों ने हंगामा काटा। हंगामा पर एसडीएम संदीप कुमार ने श्रम विभाग के कर्मचारियों को तलब कर व्यवस्थाएं सुधारने के साथ ही न्याय पंचायत स्तर पर नवीनीकरण कार्य करने की हिदायत दी।

सोमवार को तय रोस्टर के अनुसार जिला मुख्यालय के श्रम विभाग में चंबा ब्लाक की महिलाओं के श्रम कार्डों का नवीनीकरण के साथ ही उन्हें सामग्री का वितरण किया जाना था, लेकिन रोस्टर को दरकिनार कर विभाग के कर्मचारी मनमाने तरीके से अन्य ब्लाकों के नवीनीकरण में जुटे दिखे। जिस पर चंबा ब्लाक के प्रधानों व महिलाओं ने हंगामा काटते हुए कर्मचारियों पर मिलीभगत कर अव्यवस्थाएं फैलाने का आरोप लगाते हुए डीएम कार्यालय की ओर कूच किया। डीएम की अनुपस्थिति में एडीएम केके मिश्रा ने एसडीएम संदीप कुमार को मौके पर भेजा। एसडीएम के समक्ष नाराजगी जाहिर करते हुए चंबा की प्रधानों ने शिकायत पत्र सौंपते हुए बताया कि नवीनीकरण प्रक्रिया के लिए भारी अव्यवस्था श्रम कार्यालय में है। इसके चलते रात दो बजे से महिलाएं विभाग के गेट पर खड़ी हैं। इस दौरान तीन महिलाएं चक्कर खाकर गिर भी चुकी हैं। इसके बाद भी विभाग के कर्मचारी चहेतों का ही नवीनीकरण कर रहे हैं, जबकि रोस्टर के अनुसार सोमवार को मात्र चंबा के श्रम कार्डों का नवीनीकरण होना था।

एसडीएम संदीप कुमार ने श्रम विभाग के कर्मचारियों को तलब कर कड़ी हिदायत देकर व्यवस्थाएं सुधारने के साथ ही रोस्टर के अनुरूप कार्य करने को कहा। ब्लाक वाइज रोस्टर पूरा होने के बाद न्याय पंचायतवार नवीनीकरण करने के निर्देश दिए।