हरिद्वार, 15 दिसंबर (हि.स.)। आपसी विवाद में देर रात लक्सर के बहादरपुर गांव में दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। मामला इतना बढ़ा कि वहां जमकर फायरिंग भी की गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बाइकों पर सवार नकाबपोश बदमाश हाथों में सरेआम धारदार हथियार लहराते हुए फरार हो गये।
सीओ मनोज ठाकुर के मुताबिक बहादरपुर गांव से कुछ लड़कों के आपस में झगड़ने, पथराव और फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले में पूछताछ की जा रही है। अभी तक सामने आया है कि कुछ लड़के आपसी विवाद के चलते आपस में झगड़ा व पथराव कर रहे थे। फायरिंग किए जाने की भी बात प्रकाश में आई है। पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।