चंद्रभागा नदी के किनारे वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण पर चलाई जेसीबी, ग्रामीणों ने किया विरोध

Share

ऋषिकेश, 15 दिसंबर (हि.स.)। ढाल वाला क्षेत्र में चंद्रभागा नदी के किनारे वन विभाग की टीम द्वारा अवैध निर्माण को लेकर की गई कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने धरना देकर नारेबाजी की है।

शुक्रवार को ढाल वाला क्षेत्र में चंद्रभागा नदी के किनारे अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किए जाने की सूचना पर वन विभाग के कर्मचारियों ने अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक मकान और दुकान के छज्जे को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की गाड़ियों के आगे धरना देकर अपना विरोध प्रकट किया। बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम ने चंद्रभागा नदी के किनारे गजेंद्र सिंह कंडियाल,और सुरेश लेखववार के छज्जे को जेसीबी से तोड़ा है।

गजेंद्र सिंह कण्डियाल का कहना है कि वह नगर पालिका मुनि की रेती को वर्ष 2018 से भवन कर भी दे रहे हैं। वह लगभग 10 वर्षों से इसी स्थान पर काबिज हैं।

यही बात सुरेश लेखवार जिसका घर और दुकान का छज्जा गिराया गया है, ने बताया कि वह 10 वर्षों से इसी स्थान पर पशु आहार के नाम से दुकान चला रहे हैं। आज अचानक वन विभाग की टीम जेसीबी के साथ आई और बिना नोटिस दिए ही उनके दुकान और मकान पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए उनके छज्जे गिरा दिए। जबकि इस क्षेत्र में और किसी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई है।

वन विभाग के रेंज अधिकारी देवेंद्र पुंडीर का कहना था कि विभाग को सूचना मिली थी कि ढाल वाला क्षेत्र में चंद्रभागा नदी के किनारे अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।