मंडलायुक्त दीपक रावत ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया

Share

बाजपुर, 15 दिसम्बर (हि.स.)। मंडलायुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को बाजपुर पहुंचकर नमामि गंगे योजनांतर्गत बन रहे 10 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान कई खामियां पाए जाने पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए कंपनी पर जुर्माना लगाने के निर्देश अधीक्षण अभियंता मृदुला सिंह को दिए।

मंडलायुक्त ने गुणवत्ता परीक्षण हेतु पानी में रखे गए कंक्रीट निर्मित क्यूब मिट्टी में दबे होने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की। मंडलायुक्त ने अपने सामने ही जेसीबी से मिट्टी हटवाकर क्यूब को देखा। मंडलायुक्त ने पानी से अलग रखे हुए क्यूब्स की अपने सामने गुणवत्ता परीक्षण कराया, जिसमें सभी चिन्हित क्यूब (2 क्यूब) गुणवत्ता परीक्षण में फेल हो गए। मंडलायुक्त ने पानी में रखे गए सभी क्यूब का परीक्षण जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कम्पनी के इंजीनियरों द्वारा सही प्रकार से व साइंटिफिक जवाब न देने पर इंजीनियरों की डिग्री एवं डिप्लोमा की भी जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रोजेक्ट्स पर कार्य कर रहे कंपनी के इंजीनियरों की डिग्री तथा डिप्लोमा की छाया प्रतियां निर्माणाधीन साइट्स पर रखवाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार समझौता नहीं किया जाएगा।