कांकेर में बलिदान हुए जवान के परिवार को 50 लाख की मदद व सरकारी नौकरी देगी योगी सरकार

Share

लखनऊ, 15 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बुधवार को आईईडी विस्फोट में बलिदान हुए बीएसएफ जवान अखिलेश कुमार राय के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने अखिलेश कुमार राय के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उनके गृह जिले गाजीपुर की एक सड़क का नामकरण बलिदान जवान के नाम पर करने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने एक बयान में गाजीपुर जिले के निवासी बीएसएफ जवान अखिलेश कुमार राय को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने बलिदान जवान के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। राज्य सरकार द्वारा दिवंगत जवान के परिवार को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।