मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, दो अन्य साथी गिरफ्तार

Share

04HCRI4 मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, दो अन्य साथी गिरफ्तार

आजमगढ़ 04 नवम्बर (हि.स.)। अहरौला थाना क्षेत्र में शनिवार को बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में देवरिया निवासी युवक की हत्या कर शव अहरौला थाना क्षेत्र में फेंकने की घटना में वांछित एक अभियुक्त जहां पुलिस की गोली से घायल हुआ तो वहीं उसके दो साथी गिरफ्तार कर लिए गए। घायल को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

देवरिया जिले के कपरियापार गांव निवासी दुर्गेश मिश्रा का शव बीते 14 अक्टूबर की सुबह अहरौला थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में लहुलुहान हाल में पड़ा मिला था। सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी होने पर थाने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान किया था।

इसके बाद पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी की कवायद में जुट गई। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि दुर्वासा-गहजी मार्ग पर कार सवार कुछ युवक मौजूद है। जो कार खड़ी है वह संभवत: देवरिया निवासी युवक की है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही कार सवार युवकों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग किया। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। दो अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की गोली से घायल बदमाश की पहचान अंकित सिंह निवासी लहुंआकला थाना कोतवाली देवगांव के रूप में की गई। पकड़े गए उसके साथियों के नाम नवनीत सिंह व निशांत सिंह है। पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं पकड़े गए अन्य बदमाशों से पूछताछ की कवायद में जुटी है। मौके से पुलिस ने मृत देवरिया निवासी युवक से छीनी गई कार के साथ ही तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है।

एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार किए गए है। एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हुआ है, जिसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार बदमाशों ने बीते दिनों प्रयागराज से एक कार को बुक कराया था और कार चालक की हत्या कर शव को अहरौला थाना क्षेत्र में झाड़ियो में फेंक कर फरार हुए थे।