पुत्री-पत्नी के हत्यारोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Share

04HREG142 पुत्री-पत्नी के हत्यारोपी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

-पत्नी के अवैध संबंधों के चलते दो वर्ष पूर्व पति ने तीन साथियों के साथ मिलकर घटना को दिया था अंजाम

फतेहपुर, 04 नवम्बर (हि.स.)। जिले में शनिवार को दो वर्ष पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड के हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार घर घटना का पर्दाफाश किया है। पत्नी के अवैध संबंधों से आजिज आकर युवक ने पत्नी व मासूम पुत्री की हत्या कर दी थी और शवों को गंगा नदी में फेंककर फरार हो गया था। वहीं तीन हत्यारोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी का पुलिस प्रयास कर रही है।

हुसेनगंज थाना क्षेत्र के हाजीपुर गंग गांव निवासी मनोज लोधी पुत्र राजेंद्र लोधी का गांव के ही भाईचन्द्र सोनकर की नाबालिग पुत्री सरोज देवी से प्रेम हो गया। दोनों ने भागकर शादी कर ली। एक पुत्री होने के बाद दोनों पति-पत्नी गांव में आकर रहने लगे। कमाने के लिए जब मनोज बाहर चला गया। इसी बीच पत्नी सरोज के अवैध संबंध गांव के अभिमन्यु लोधी से हो गये जिसकी जानकारी जब पति मनोज को हुई तो उसने पत्नी सरोज को बहुत समझाया और अभिमन्यु से दूर रहने की चेतावनी दी, लेकिन जब सरोज ने अभिमन्यु से मिलना-जुलना बन्द नहीं किया तो परेशान होकर मनोज लोधी ने गांव के किशन लोधी पुत्र स्व. जिया लोधी, परमजीत उर्फ लट्टू पुत्र बचऊ व चन्द्रपाल पुत्र गंगापारी से मिलकर पत्नी सरोज व पुत्री प्रतिभा की 22 नवम्बर 2021 की रात में गला दबा कर हत्या कर दी और शव को गंगा नदी में फेंक फरार हो गये।

अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्र ने बताया कि दो वर्ष पूर्व हुए दोहरे हत्यारोपी मनोज को हुसेनगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के सातमील चौराहे के पास से गिरफ्तार किया है। शेष हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।