उग्रवाद, नक्सलवाद व भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस जिम्मेदारः मुख्यमंत्री योगी

Share

– उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने शाजापुर व देवास जिलों में की जनसभा

शाजापुर, 7 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस का नाम ही समस्या है। देश में नक्सलवाद, उग्रवाद और भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है। देश के बच्चों को कांग्रेस अकबर महान पढ़ाती है, भाजपा छत्रपति शिवाजी और महारायणा प्रताप को महान पढ़ाती है। कांग्रेस के लिए भारत का इतिहास केवल नेहरू से प्रारंभ होता है। कांग्रेस के नेता खुद को एक्सीडेंटल कहते हैं। एक्सीडेंट हुआ और कांग्रेसी पैदा हो गए। कांग्रेस तो वह पार्टी है, जिसने भगवान राम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व को भी नकार दिया था।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को शाजापुर जिले के शुजालपुर व कालापीपल और देवास जिले के खातेगांव व सोनकच्छ क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की 142 करोड़ जनता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक परिवार मानते हैं। काशी विश्वनाथ में जाइए, तो नई काशी का दर्शन होता है। केदारपुरी जाइए तो भगवान केदारनाथ का भव्य दर्शन होता है। उज्जैन में महाकाल महालोक आने पर आपको एक नई अनुभूति होती है। अब तो अयोध्या पुरी भी तैयार हो चुकी है। आने वाली 22 जनवरी को भगवान रामलला अयोध्या के भव्य मंदिर में विराजमान हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया है। 500 वर्षों के विवाद का समाधान भी भाजपा की डबल इंजन की सरकार में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुआ है। भारत की जनता को गुलामी की दृष्टि से देखने वाली कांग्रेस पार्टी फिर से भारत को गुलामी की ओर ले जाना चाहती है। वहीं भाजपा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की परंपरा को आगे ले जाने का कार्य कर रही है। राम मंदिर के लिए बलिदान हुआ था। भारत के लोगों ने राम मंदिर के लिए बलिदान दिया, साधना की। आज वह मनोकामना पूरी होते देख रहे हैं। हम अपने पूर्वजों की मनोकामनाओं को मूर्त रूप लेते हुए देख रहे हैं, इसलिए मैं कहता हूं कि हम सब सौभाग्शाली हैं कि भगवान रामलला के भव्य मंदिर निर्माण के साक्षी हैं।

भारत का इतिहास नेहरू से प्रारंभ होता था

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए भारत का इतिहास केवल नेहरू से प्रारंभ होता है। वे अबकर को महान पढ़ाते हैं, भाजपा छत्रपति शिवाजी और महाराणा प्रताप महान पढ़ाती है। देश में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की परंपरा को आगे ले जाने के लिए देश में डबल इंजन की सरकार चाहिए। पहले उत्तर भारत के उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश बीमारू राज्यों की श्रेणी में आते थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालने के लिए मैं यहां के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद देता हूं। मुख्यमंत्री चौहान ने मध्यप्रदेश के विकास के लिए बहुत कार्य किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में डबल इंजन की सरकार के कार्य गौरव की अनुभूति कराते हैं।

जब अपने साथ छोड़ दिए थे, मोदी जनता के साथ खड़े थे

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने करोड़ों शौचालय बनवाकर व सफाई अभियान चलाकर एक क्रांति लाई है। उज्ज्वला योजना को लागू करके घरेलू महिलाओं के आंसू पोछने का कार्य किया है। कोरोना संकटकाल में जब अपने साथ छोड़ रहे थे, तब प्रधानमंत्री मोदी ने देश की गरीब जनता को मुफ्त में प्रति व्यक्ति पांच किलो राशन दिया। दुनिया की उच्च कोट की दो वक्सीन का निर्माण कराकर देश की जनता को मुफ्त में कोरोना के टीके लगवाए।