मप्र विस चुनाव: कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं को बनाया जाएगा समृद्धशाली- दांगी

Share

राजगढ़, 7 नवंबर(हि.स.)। भाजपा की शिवराज सरकार में महिलाएं परेशान हैं। आंकड़े बता रहे हैं कि प्रदेश में हर दिन महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। प्रदेश की महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई योजनाओं को बनाया जाएगा।

यह बात मंगलवार को ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी पुरुषोत्तम दांगी ने जनसंपर्क के दौरान नुक्कड़ सभा में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता कमलनाथ ने बीते रोज जनसभा को संबोधित करते हुए कहा है कि कांग्रेस सरकार बनते ही सबसे पहले महिलाओं के लिए गैस सिलेण्डर 500 रुपए प्रतिमाह योजना पर हस्ताक्षर करेंगे साथ ही महिलाओं को मिलने वाली हर सुबिधाओं का ध्यान रखा जाएगा। दांगी ने कहा कि कांग्रेस सरकार वचन पत्र के जरिए कई गारंटी प्रदेश की जनता को दे रही है, इसमें महिलाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।

दांगी ने मुवालिया, करोदिया, सड़लीपुरा, बरायठा, बरखेड़ा, ईलाहीपुरा, डूंगरपुर, बावड़ीखेड़ा, विजयगढ़, कड़िया, चंद्रावत, गोलियापुरा सहित अन्य ग्रामों में जनसंपर्क किया, जहां श्री दांगी का जगह-जगह ग्रामीणों ने फूलमाला व साफा बांधकर स्वागत किया। इस दौरान विधायक रामचंद्र दांगी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, विजयबहादुरसिंह, पूर्व नपाध्यक्ष डाॅ.भारत वर्मा, विश्वनाथ दांगी, लक्ष्मीनारायण यादव सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।