निर्धारित समय से पूर्व सम्पन्न हुई पवित्र छड़ी यात्रा

Share

हरिद्वार, 16 नवंबर (हि.स.)। श्री पंचदश नाम जूना अखाड़े की पवित्र छड़ी ने अपने दूसरे चरण के भ्रमण अभियान जिसमें कुमाऊं मंडल के मानस खंड के पौराणिक तीर्थ की यात्रा की जानी थी, का आज गुरुवार को समापन हो गया है। पवित्र छड़ी कुमाऊं मंडल के तीर्थों की पूजा-अर्चना कर बुधवार की शाम को कांगडी के श्याम नगर स्थित श्री प्रेमगिरी धाम पहुंच गई थी।

छड़ी के प्रमुख महंत तथा श्री पंचदश नाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेम गिरि महाराज ने बताया कि इस बार छड़ी यात्रा का समापन निश्चित समय से पूर्व करना पड़ा। इस यात्रा का समापन 25 नवंबर को होना था, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने के कारण ओम पर्वत आदि कैलाश नारायण आश्रम जाने का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

31 अक्टूबर से यह यात्रा ऋषिकेश तारा मंदिर से प्रारंभ हुई थी, जहां से लाखामंडल, यमुनोत्री, गंगोत्री, उत्तरकाशी के विश्वनाथ मंदिर, रुद्रप्रयाग में कोटेश्वर महादेव, केदारनाथ, बद्रीनाथ, ऊखीमठ, त्रिजुगीनारायण, धारी देवी, पांडुकेश्वर जोशी मठ में शंकराचार्य गुफा, अक्षय वट दर्शन, नरसिंह मंदिर में पूजा अर्चना कर अपना प्रथम चरण पूरा कर रात्रि विश्राम के लिए कर्णप्रयाग पहुंची। कर्णप्रयाग से यात्रा का दूसरा चरण प्रारंभ हुआ और कुमाऊं मंडल के पौराणिक तीर्थ बागेश्वर पवित्र छड़ी पहुंची। बागनाथ मंदिर में पूजा अर्चना तथा सरयू गोमती संगम में स्नान के पश्चात पवित्र छड़ी बैजनाथ धाम गोल्ज्यू मंदिर, हिंगलाज देवी मंदिर में पूजा अर्चना की।

चंपावत में पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश तिवारी ने पवित्र छड़ी की आगवानी की और नगर में शोभायात्रा निकाली गई। चंपावत से पवित्र छड़ी पिथौरागढ़ पहुंची, लेकिन मौसम खराब होने और बर्फबारी के चलते मार्ग बंद होने के कारण पवित्र छड़ी ओम पर्वत नहीं जा सकी और टनकपुर में माता पूर्णागिरि के दर्शन के पश्चात पवित्र छड़ी बुधवार को श्यामपुर कांगड़ी पहुंच गई।

गुरुवार सुबह श्यामपुर में जगतगुरु शंकराचार्य शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत देवानंद सरस्वती, जूना अखाड़े के उपाध्यक्ष श्री महंत केदारपुरी, माई बाड़ी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहन्त अन्नपूर्णा गिरी, राष्ट्रीय मंत्री महेश पुरी, शैलेंद्र गिरी, पूर्णागिरि, रामगिरी, महंत शंभू पुरी, महंत धीरेंद्र पुरी आदि ने पवित्र छड़ी की पूजा अर्चना कर पौराणिक मंदिर माया देवी जूना अखाड़ा के लिए रवाना किया। बैंड बाजा, ढोल नगाड़े के साथ हर हर महादेव के जय घोष के साथ पवित्र छड़ी शोभायात्रा के रूप में माया देवी पहुंची। जहां पूर्ण विधान के साथ पवित्र छड़ी को स्थापित कर दिया गया।