पहले योजनाएं कागजों पर धूल फांकती थी, अब जमीन पर उतरकर साकार होती हैं : बाबूलाल मरांडी

Share

02HNAT48 पहले योजनाएं कागजों पर धूल फांकती थी, अब जमीन पर उतरकर साकार होती हैं : बाबूलाल मरांडी

– मोदी जी ने नौ साल में व्यवस्था को बनाया भ्रष्टाचार मुक्तः मरांडी

भोपाल/सतना, 2 जून (हि.स.)। देश में योजनाएं पहले भी बनती थीं लेकिन इसके बाद वे सालों तक कागजों में धूल फांकती रहती थीं। बीते नौ साल से देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार काम कर रही है। अब एक ही कार्यकाल में योजनाएं बनती भी हैं। जमीन पर उतरकर साकार भी होती हैं। विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण एक ही कार्यकाल में होते हैं। पहले गरीबों को एक रुपया भेजा जाता था तो केवल 15 पैसे पहुंच पाते थे। आज मोदी सरकार में एक रुपया भेजा जाता है, तो एक रुपया ही पहुंचता है। प्रधानमंत्री जी ने 85 पैसे खा जाने वालों के पंजे से व्यवस्था को आजाद कराकर उसे भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है।

यह बात झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को सतना में मोदी सरकार का 09 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के बीते नौ साल के कार्यकाल में भारत ने गुलामी की बेड़ियां तोड़ी हैं। राजपथ अब कर्तव्य पथ है, रेस कोर्स रोड अब लोक कल्याण मार्ग है और प्रधानमंत्री, प्रधानसेवक के रूप में जनता-जनार्दन की सेवा कर रहे हैं। जिस अनुच्छेद 370 के लिए डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने बलिदान दिया था, वह धराशायी हो चुकी है। ट्रिपल तलाक की सामाजिक कुप्रथा खत्म हुई है और आतंकवाद पर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक जैसे प्रहार हो रहे हैं। न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से राम जन्मभूमि विवाद सुलझ गया है और अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है। आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है। आज भारत के विकास में गति भी है, शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री मोदी जी के सपनों का भारत है।

गरीबों का जीवन बदल रही डबल इंजन वाली सरकार

मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार मिलकर गरीबों का जीवन बदल रही है। प्रदेश के 5 करोड 18 लाख से अधिक हितग्राहियों को निःशुल्क खाद्यान्न मिल रहा है। उज्जवला योजना में प्रदेश की 82 लाख महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन मिले हैं। चार करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री जनधन खाते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 40 लाख से अधिक पक्के मकान बनाए गए हैं। राष्ट्रीय पिछडा वर्ग आयोग की तर्ज पर राज्य आयोग को सशक्त किया गया तथा अलग से पिछडा वर्ग कल्याण आयोग भी गठित किया गया। प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना में मप्र देश में नंबर वन है। उन्होंने अन्य योजनाओं की भी जानकारी दी।

मोदी जी के नेतृत्व में देश बदल रहा है

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के बीते 9 वर्ष भारत के नवनिर्माण के, गरीब कल्याण के रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21वीं सदी भारत की है। बीते 09 साल में भारत ने ’पॉलिसी पेरालिसिस’ से ’डिसीसिव पॉलिसी’ और अर्थव्यवस्था में ’फ्रेजाइल फाइव’ से ’टॉप फाइव’ की यात्रा की है। भारत ने बीते 09 साल में एक पार्टी के ’अपना परिवार, अपनी विकास नीति’ को दरकिनार कर ’सबका साथ, सबका विकास’ की कहानी लिखी है। पहले दुनिया में भारत की आवाज अनसुनी कर दी जाती थी, आज भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है। मोदी जी ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति को प्रतिष्ठित किया है। बीते 09 वर्षों में भारत गरीबों एवं वंचितों की सेवा करने वाला, नारी शक्ति को संबल देने वाला, युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला, किसानों के हित को सुनिश्चित करने वाला, सबके लिए सहज और उत्तम सेवाओं वाला भारत बन गया है।

एक महीने तक चलेगा विशेष संपर्क अभियान

मरांडी ने बताया कि मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी ने प्रधानमंत्री जी की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण योजनाओं को केंद्र में रखते हुए एक विशेष संपर्क अभियान कार्यक्रम शुरू किया है। उन्होंने 30 जून तक चलने वाले इस अभियान की विस्तार से जानकारी दी। पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद केन्द्रीय टोली की सदस्य सीमा द्विवेदी, क्षेत्रीय सांसद गणेश सिंह, जिलाध्यक्ष सतीष शर्मा, महापौर योगेश ताम्रकार, क्लस्टर प्रभारी शशांक श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी कामता पाण्डेय उपस्थित रहे।