जेलेंस्की ने कहा, बखमुत अब बस हमारे दिलों में है, रूस ने सबकुछ तबाह कर दिया

Share

21HINT7 जेलेंस्की ने कहा, बखमुत अब बस हमारे दिलों में है, रूस ने सबकुछ तबाह कर दिया

कीव, 21 मई (हि.स.)। यूक्रेन पर रूस के लगातार हमलों के बीच जापान पहुंचे राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि बखमुत अब बस हमारे दिलों में है। रूस ने सबकुछ तबाह कर दिया है।

एक दिन पहले शनिवार को रूस की निजी सेना वैगनर ने बखमुत पर कब्जे का दावा किया था। रूस के रक्षा मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि निजी सेना वैगनर ने रूसी सैनिकों की मदद से बखमुत पर कब्जा कर लिया है। बखमुत, पूर्वी यूक्रेन का अहम शहर है।

जेलेंस्की इस समय जापान में हैं और हिरोशिमा में आयोजित जी-7 सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन से कहा कि अब यह शहर खत्म हो गया है। रूस की सेना ने बखमुत में सबकुछ नष्ट कर दिया है।

वैगनर के मुखिया ने दावा किया कि उसने रूस-यूक्रेन युद्ध की सबसे लंबी और सबसे कठिन लड़ाई के बाद बखमुत शहर पर नियंत्रण कर लिया है, लेकिन यूक्रेन के रक्षा अधिकारियों ने इससे इनकार किया।

टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने कहा कि शहर शनिवार दोपहर पूरी तरह से रूसी नियंत्रण में आ गया। उसके साथ लगभग छह लड़ाके थे।

वीडियो सामने आने के बाद यूक्रेन की उप रक्षा मंत्री हन्ना मलियार ने कहा कि लड़ाई जारी है। उन्होंने कहा कि स्थिति गंभीर है, अभी तक की स्थिति के अनुसार इस क्षेत्र में कुछ औद्योगिक और बुनियादी सुविधाओं पर हमारे सुरक्षा बलों का नियंत्रण है।

यूक्रेन के पूर्वी कमान के प्रवक्ता सेर्ही चेरेवत्यी ने बताया कि प्रिगोझिन का दावा सच नहीं है। बखमुत में हमारे सैनिक लड़ रहे हैं। बखमुत और उसके आसपास आठ महीने से अधिक समय से लड़ाई चल रही है।

यदि रूसी सेनाओं ने बखमुत पर नियंत्रण कर लिया है, तो उन्हें अभी भी यूक्रेन के नियंत्रण वाले डोनेत्स्क क्षेत्र के शेष हिस्से को अपने नियंत्रण में करने का बड़ा कार्य करना शेष होगा।