जिविसेप्रा ने बताए बच्चों को शिक्षा के अधिकार

Share

06HREG99 जिविसेप्रा ने बताए बच्चों को शिक्षा के अधिकार

मेरठ, 06 मई (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिविसेप्रा) ने बच्चों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के बारे में जागरूक करने का अभियान चलाया है। शनिवार को सरधना क्षेत्र के मोहिनीपुर गांव में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेरठ के सचिव विनोद शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ द्वारा जारी 2022-23 के लिए एक्शन प्लान जारी किया गया है। इसमें बच्चों का शिक्षा के अधिकार विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को सरधना तहसील के मोहिनीपुर गांव में कार्यक्रम हुआ। पैनल अधिवक्ता बलराज सिंह द्वारा बालकों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के बारे विस्तृत रूप से अवगत कराया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कक्षा आठ तक के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का प्रावधान किया गया है। मानव विकास में शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को बच्चों को शिक्षा ग्रहण कराना चाहिए। उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि एक अच्छा नागरिक बनने में शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा के महत्व को समझना चाहिए। बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित करना चाहिए ताकि हमारा देश शिक्षा के क्षेत्र में उन्नति कर सकें। इसके अतिरिक्त विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी गई।