मुख्यमंत्री चौहान ने परमवीर पीरू सिंह शेखावत को जयंती और मराठा सम्राट मल्हार राव होलकर को पुण्यतिथि पर किया नमन

Share

20HREG46 मुख्यमंत्री चौहान ने परमवीर पीरू सिंह शेखावत को जयंती और मराठा सम्राट मल्हार राव होलकर को पुण्यतिथि पर किया नमन

भोपाल, 20 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 1948 के भारत पाकिस्तान युद्ध में भारत की विजय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर पीरू सिंह शेखावत को उनकी जयंती पर और मराठा सम्राट मल्हार राव होलकर को पुण्यतिथि पर नमन किया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से मेजर पीरू सिंह शेखावत को जयंती पर उनके शौर्य को स्मरण करते हुए नमन किया है। उन्होंने कहा सन् 1948 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अद्वितीय साहस का प्रदर्शन करने वाले परमवीर चक्र से सम्मानित श्रद्धेय पीरू सिंह शेखावत जी की जयंती पर नमन करता हूँ। अंतिम सांस तक माँ भारती की सुरक्षा हेतु संघर्ष करने वाले अमर सपूत का साहसपूर्ण व्यक्तित्व प्रत्येक देशवासी को राष्ट्र की आराधना में स्वयं को अर्पण करने की प्रेरणा देता है।

गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने भी मेजर पीरू सिंह शेखावत को जयंती पर नमन करते हुए कहा 1948 की जंग में कश्मीर में दारापारी के मोर्चे पर अपने अदम्य साहस व शौर्य से पाकिस्तान को पस्त करने वाले मां भारती के परमवीर सपूत कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह शेखावत जी की जयंती पर सादर नमन।

वीर मल्हार राव होलकर को पुण्यतिथि पर किया नमन

मुख्यमंत्री चौहान ने एक अन्य ट्वीट कर मराठा सम्राट वीर मल्हार राव होलकर को पुण्यतिथि पर स्मरण करते हुए कहा मराठा साम्राज्य को नया विस्तार देने वाले, परम प्रतापी वीर मल्हार राव होलकर जी की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन करता हूँ। कुशल प्रबंधन एवं नेतृत्व क्षमता के बलबूते सुशासन की सुदृढ़ परंपरा को उन्होंने पोषित कर हमेशा जनाकांक्षाओं के अनुरूप कार्य किया।