बलिया : गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

Share

30HREG27 बलिया : गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

बलिया, 30 मई (हि. स.)। गंगा दशहरा पर मंगलवार को माल्देपुर के पास गंगा-तमसा के संगम पर लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान आस्थावानों ने दान-पुण्य के साथ ही प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन-पूजन भी किया।

पृथ्वी पर पतित पावनी गंगा के अवतरण दिवस पर जिले भर से हजारों महिला-पुरुष गंगा, सरयू व तमसा नदियों के घाटों पर मंगलवार की सुबह ही स्नान करने पहुंचे थे। सर्वाधिक भीड़ शहर से सटे माल्देपुर, महावीर घाट, शिवरामपुर व हैबतपुर घाट पर रही। इसके अलावा सिकन्दरपुर में सरयू व भरौली में गंगा घाट पर भी श्रद्धलुओं की भीड़ तड़के से ही जुट गई थी। गंगा में डुबकी लगाने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक थी। महिलाओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के साथ ही घाटों पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन भी किया। गंगा दशहरा पर प्रसिद्ध बालेश्वरनाथ मंदिर व भृगु मंदिर श्रद्धालुओं से पट गया था। गंगा के अलग-अलग घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। पुलिस नाव के जरिए लगातार नजर बनाए रही। ताकि कोई अनहोनी न हो। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पहले ही बड़ी नाव दुर्घटना में कई लोगों की जान गई थी। यही वजह है कि प्रशासन सजग रहा।