उप चुनाव : 3,63,550 मतदाता करेंगे आठ उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

Share

10HREG5 उप चुनाव : 3,63,550 मतदाता करेंगे आठ उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

-10 मई को सुबह सात से शाम छह बजे तक कर सकेंगे मतदान

-छानबे विधानसभा में 301 मतदान केंद्र व 444 मतदेय स्थल पर होगा मतदान

मीरजापुर, 09 मई (हि.स.)। विधानसभा छानबे 395 (अनुसूचित जाति) के उप चुनाव के लिए 10 मई को कड़ी सुरक्षा में मतदान होगा। मतदाता सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान कर सकेंगे। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए 301 मतदान केंद्र और 444 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इसमें 3,63,550 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 1,91,244 पुरुष तथा 1,72,280 महिला तथा 26 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल के अनुसार निर्वाचन आयोग की ओर से सभी 444 मतदेय स्थल की वेबकास्टिंग के माध्यम से सीधे निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही 38 बूथों को क्रिटिकल श्रेणी में रखते हुए विशेष निगरानी की जाएगी।

आठ उम्मीदवार आजमा रहे किस्मत

विधानसभा छानबे (अजा) के उप चुनाव 2023 में आठ उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इसमें अपना दल (सोनेलाल) से रिंकी कोल, समाजवादी पार्टी से कीर्ति कोल, इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी से अजय कुमार, राष्ट्रीय समाज पक्ष पार्टी से शिवपूजन के साथ निर्दल उम्मीदवार अर्जुन, उमेश, भीमराव हरिजन, सर्वेश कुमार हैं।

विधायक राहुल कोल के निधन के बाद हो रहा चुनाव

विधानसभा छानबे से अपना दल (सोनेलाल) के विधायक राहुल प्रकाश कोल का निधन बीते दो फरवरी 2023 को हो गया था। वो कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। वह वर्ष 2017 और 2022 में चुनाव जीतकर दो बार से लगातार विधायक थे। वर्ष 2017 में उन्होंने बसपा को हराकर जीत दर्ज की थी। उनके पिता पकौड़ी कोल सोनभद्र सांसद हैं। राहुल प्रकाश कोल के निधन के बाद छानबे विधानसभा सीट खाली हो गई है। ऐसे में इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

14 टेबल पर 96 कर्मचारी करेंगे मतगणना

विधानसभा छानबे के उप चुनाव के लिए मतगणना 13 मई को होगी। दो प्रेक्षक के साथ दो आरओ और एआरओ की निगरानी में 14 टेबल पर मतगणना होगी। मतगणना के लिए 19 टीम में 76 कर्मचारी लगाए गए हैं। प्रत्येक टीम में चार सदस्य रहेंगे। इसमें एक मतगणना सुपरवाइजर, दो मतगणना सहायक, एक माइक्रो आब्जर्वर रहेंगे। मतगणना लगभग 28 से 31 चक्र में होने की संभावना है।

10 व 11 मई को सार्वजनिक अवकाश

विधानसभा छानबे (अनुसूचित जाति) के उप चुनाव के लिए मतदान दिवस पर 10 मई को अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव के लिए 11 मई को भी मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा।