नेपाल में हिमस्खलन, जड़ी-बूटी यार्सागुंबा लेने पहाड़ियों पर गए तीन लोगों की मौत

Share

07HINT6 नेपाल में हिमस्खलन, जड़ी-बूटी यार्सागुंबा लेने पहाड़ियों पर गए तीन लोगों की मौत

काठमांडू, 07 मई (हि.स.)। नेपाल में हिमस्खलन से 3 लोगों की मौत हो गई है। जुमला जिले के रहने वाले यह तीनों लोग विश्व की बहुमूल्य जड़ी-बूटी यार्सागुंबा लेने के लिए पश्चिम नेपाल के मुगु गए थे। शनिवार को लौटते समय यह लोग हिमस्खलन की चपेट में आ गए।

मुगू के मुख्य जिला अधिकारी मोहन बहादुर थापा ने बताया कि यह स्थान जिला मुख्यालय से तीन दिन की पैदल दूरी पर है। मुगु नेपाल के सबसे कठिन जिलों में से एक है। इस मौसम में बड़ी संख्या में लोग जड़ी-बूटी यार्सागुंबा लेने के लिए हिमालय क्षेत्र में पहुंचते हैं। तीनों लोग भारी बोझ लेकर लौटते समय शनिवार को हिमस्खलन की चपेट में आ गए, जिससे इनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि शवों को लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय से दूरी होने के कारण शवों को लाना मुश्किल हो रहा है। इसी तरह दार्चुला में पिछले सप्ताह हिमस्खलन के बाद लापता दो लोगों की तलाश अभी भी जारी है। दार्चुला जिला प्रशासन कार्यालय के सूचना अधिकारी प्रदीप सिंह धामी ने बताया कि 3 लोगों के शव उनके परिजनों को सौंप दिये गये हैं और दो लापता लोगों की तलाश की जा रही है। यहां मई के पहले सप्ताह में बारिश और हिमपात हुआ था।

नेपाल के विभिन्न जिलों के हिमालयी क्षेत्रों में यार्सागुंबा तलाश करने वाले दुर्घटनाओं के शिकार हुए हैं। नेपाल की पहाड़ियों पर यार्सागुंबा पाई जाती है। पहाड़ों पर ठंड कम होने के बाद पहाड़ी जिले के लोग अपने परिवार के साथ यार्सागुंबा बूटी को बीनने के लिए निकलते हैं और तीन से चार माह तक पहाड़ियों में कड़ी मशक्कत कर उसे एकत्र करते हैं। यह जड़ी-बूटी इस जिले के अधिकांश लोगों के रोजगार का साधन भी है। यहां के निवासी इस जड़ी-बूटी को बेचकर अपना परिवार चलाते हैं।