16HREG103 हड़ताल का असर: संगीनों के साये में बिजली आपूर्ति, प्रशासन मुस्तैद
रायबरेली,16 मार्च (हि.स.)। बिजली कर्मियों की घोषित 72 घंटे की हड़ताल से निपटने की कवायद शुरू हो गई है। आम आदमी को बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से होती रहे इसके लिए विद्युत उप केंद्रों पर राजस्व कर्मचारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस बल ने रात भर इन केंद्रों का निरीक्षण किया और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जिले के लालगंज उपकेंद्र पर कानूनगो सुरेंद्र तिवारी, लेखपाल आशीष सैनी सहित पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बुधवार रात प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह भी बिजली पावर हाउस में डटे रहे।
ज्ञात हो कि बिजली विभाग के कर्मचारी व एसडीओ स्तर तक के अधिकारी अपनी मांगों को लेकर 72 घंटे की हड़ताल पर चले गए हैं। यहां तक की संविदा कर्मी भी हड़ताल पर हैं। सिर्फ पावर स्टेशन पर विद्युत वितरण का संचालन करने वाले संविदा कर्मी काम कर रहे हैं।
कर्मचारी नेताओं का कहना है कि सरकार ने शाम तक बिजली कर्मचारियों की मांगों के बाबत कोई निर्णय नहीं लिया तो वह भी आज रात 10 बजे से हड़ताल पर चले जाएंगे। उनके जाने पर आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो जाएगी। फिलहाल बिजली विभाग के सभी कार्यालयों में ताला बंद है। बिल नहीं जमा हो रहे हैं।