सेवा दल कांग्रेस पार्टी की रीढ़ : धस्माना

Share

31HREG70 सेवा दल कांग्रेस पार्टी की रीढ़ : धस्माना

देहरादून, 30 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस सेवा दल अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर कांग्रेस की रीति नीति से दीक्षित करता है। सेवा दल के कार्यकर्ता कांग्रेस की रीढ़ की हड्डी हैं।

यह विचार उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना ने सेवा दल के शिक्षण शिविर में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अगर देश की एकता अखंडता के मूल मंत्र अनेकता में एकता को अक्षुण्ण रखना है तो कांग्रेस को सेवा दल के प्रशिक्षण शिविरों के आयोजनों को अपने वार्षिक कलेंडर में स्थायी स्थान देना होगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सेवा दल के प्रशिक्षण शिविर ब्लॉक स्तर पर किये जायेंगे। इनमें स्वतंत्रता संग्राम, कांग्रेस पार्टी के इतिहास, स्वतंत्र भारत के 75 वर्षों में देश के नव निर्माण में कांग्रेस की भूमिका व योगदान, देश के सामने चुनोतियाँ, साम्प्रदायिक शक्तियों से मुकाबले की रणनीति जैसे विषयों पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।

धस्माना ने कहा कि आज देश में कांग्रेस पार्टी के कमजोर होने के दुष्परिणाम पूरा देश भुगत रहा है। कांग्रेस शासन में खड़े किए गए सार्वजनिक उपक्रम सत्ताधारियों द्वारा अपने पूंजीपति मित्रों को बेचे जा रहे हैं। देश की रेल, एयरलाइन्स, बंदरगाह एयरपोर्ट यहां तक कि ऑर्डनेन्स फैक्ट्रियों को नीलाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 65 वर्षों में कांग्रेस की दूरदर्शी सरकारों ने जो कुछ बनाया था उसको पिछले नौ वर्षों में बेचने का काम केंद्र सरकार ने किया है।

इस अवसर पर सेवा दल की प्रदेश मुख्य संघटक हेमा पुरोहित ने मुख्य अतिथि सूर्यकांत धस्माना को सम्मानित किया।