हाथरस: सुनार की दुकान में हुई चोरी के विरोध में बाजार बंद

Share

14HREG9 हाथरस: सुनार की दुकान में हुई चोरी के विरोध में बाजार बंद

हाथरस, 14 नवम्बर(हि. स.)। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के बिसावर में गुरुवार को सुनार की दुकान से हुई चोरी का अब तक खुलासा न होने के चलते अक्रोशित व्यापारियों ने सोमवार सुबह बाजार बंद कर दिया। व्यापारी चोरी की घटना के खुलासे की मांग कर रहे हैं।

बिसावर कस्बा में रहने वाला प्रवीण अग्रवाल की कस्बे में ही सुनार की दुकान है। दुकानदार ने बताया कि वह रोजाना की तरह गुरुवार शाम को दुकान बंद करके अपने घर चले गए। अगले दिन सुबह जब वह दुकान पर आया तो दुकान की हालत देख कर उसके होश उड़ गए। दुकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखे जेवरात गायब थे। प्रवीण के मुताबिक, दुकान से 15 किलो चांदी और 250 ग्राम सोने का समान चोरी हो गया। वहीं, एक और दुकानदार यशकेंद्र की दुकान के ताले तोड़े, लेकिन चोर यहां से कुछ चुरा नहीं पाये। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी चेक किए। घटना को अंजाम देने के बाद फरार होते चोर सीसीटीवी में कैद हो गए थे। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया था। लेकिन अभी तक चोरी का खुलासा न होने के चलते सोमवार को व्यापारियों का गुस्सा भड़क उठा और व्यापारियों ने बाजार बंद करते हुए चोरी की घटना के खुलासे की मांग की।

व्यापारी प्रवीण अग्रवाल का कहना है कि तीन दिन पहले मेरी दुकान से चोरी हुई थी। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसलिए सभी व्यापारियों के सहयोग से बाजार बंद किया गया है।