12HREG191 भूमाफिया दबंग पर बेटी की पिटाई का आरोप, डोली पर पहुंचाना पड़ा अस्पताल
नैनीताल, 12 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल में भूमाफियाओं की दादागिरी का एक मामला प्रकाश में आया है। बताया गया है कि नैनीताल जिले के ग्राम हरतोला निवासी तारा दत्त तिवारी का कुछ दिन पहले उनका जमीन को लेकर कुछ भूमाफियाओं से विवाद चल रहा था। इधर भू माफिया ने उनको डराने-धमकाने के लिए दादागिरी दिखाते हुए उनकी बेटी के साथ बुरी तरह मारपीट की। मारपीट के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
पीड़िता के पिता ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर डालकर प्रदेश के सीएम, कुमाऊं मंडलायुक्त व डीएम नैनीताल से न्याय की गुहार लगाई। वीडियो में उनकी बेटी दर्द से बिलखते हुए नजर आ रही है। तिवारी ने वीडियो में कहा कि वह अपनी बेटी को अस्पताल लेकर जा रहे हैं क्योंकि उसकी हालत ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड में कानून के नाम पर मजाक चल रहा है।
उन्होंने उत्तराखंड सरकार से इस मामले में सख्त कदम उठाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने संबंधित रामगढ़ पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस थाने में जब वे इस बात की शिकायत करने गए तो पुलिस ने शिकायत लिखने से साफ मना कर दिया और उल्टा उनको और उनकी पत्नी को डांट कर वहां से भगा दिया। इधर पुलिस का कहना है कि इस मामले में आरोपित सचिन बोरा, रवि बिष्ट एवं अन्य व्यक्ति के विरुद्ध कोतवाली में तमाम धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की जा रही है।