एटीपी फाइनल्स के सेमीफाइनल में पहुंचे कैस्पर रूड, टेलर फ्रिट्ज को दी शिकस्त

Share

16HSPO7 एटीपी फाइनल्स के सेमीफाइनल में पहुंचे कैस्पर रूड, टेलर फ्रिट्ज को दी शिकस्त

ट्यूरिन, 16 नवंबर (हि.स.)। नॉर्वे के स्टार टेनिस खिलाड़ी कैस्पर रूड ने अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज को शिकस्त देकर चल रहे एटीपी फाइनल के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। तीसरी वरीयता प्राप्त रूड ने फ्रिट्ज को 6-3, 4-6, 7-6 (6) से हराया। यह मुकाबला दो घंटे और 12 मिनट तक चला।

मैच जीतने के बाद रूड ने कहा, “केवल कुछ अंक ही इस तरह के मैच को तय करते हैं। सौभाग्य से वे अंक मैंने हासिल किये। मैं टाई-ब्रेक में 5-1 से आगे था, लेकिन इसके बाद फ्रिट्ज ने अविश्वसनीय खेल का प्रदर्शन किया और कुछ शानदार अंक हासिल किये और 6-6 से वापसी कर ली। मैं थोड़ा सा झिझक गया था, लेकिन यह सामान्य है।”

उन्होंने कहा, “बहुत कुछ दांव पर लगा था… मैं टेलर के लिए दुखी हूं, लेकिन मैं उस आखिरी फोरहैंड को लंबे समय तक देखकर बहुत खुश था। सेमीफाइनल में स्थान बना कर बहुत अच्छा लगा।”

रुड इस एटीपी टूर के दौरान ब्यूनस आयर्स, जिनेवा और गस्ताद में ट्राफियां उठाकर तीन बार चैंपियन रहे हैं। पिछले साल एटीपी फाइनल्स के सेमीफाइनल में रुड, डेनियल मेदवेदेव से हार गए थे।

उन्होंने एटीपी फाइनल से पहले चार टूर-स्तरीय टूर्नामेंटों में केवल दो मैच जीते थे और रूड इस प्रतिष्ठित आयोजन के दौरान अपनी फॉर्म को फिर से हासिल कर खुश हैं।

रूड ने कहा, “मुझे लगता है कि हाल के हफ्तों में मेरा प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है। मुझे लगता है कि मैं पिछले महीनों की तुलना में अब बेहतर तरीके से आगे बढ़ रहा हूं। आप अपने करियर की अवधि में कठिन क्षणों का सामना करते हैं और उससे निकलते भी हैं। हर बार जब आप महसूस करते हैं कि आपका प्रदर्शन अच्छा है तो यह आपको आत्मविश्वास देता है।”