लखनऊ में पराग दूध, सीएनजी, दीपावली झालरों के रेट बढ़े, छायी मायूसी

Share

18HREG34 लखनऊ में पराग दूध, सीएनजी, दीपावली झालरों के रेट बढ़े, छायी मायूसी

लखनऊ, 18 अक्टूबर (हि.स.)। लखनऊ में मंगलवार की सुबह महंगाई से जुड़ी सूचना से शुरु हुई। शहर में पराग ब्रांड के दूध के दाम में दो रुपये की वृद्धि पायी गयी। साथ ही सीएनजी भरवाने पम्प पर पहुंचे लोगों को भी दो रुपये बढ़ोत्तरी होने से वाहन स्वामियों को जेब ढीली करनी पड़ी। वहीं पीएनजी भी तीन रुपये तीस पैसे महंगी हो गई। आवश्यक वस्तुएं दूध और सीएनजी व पीएनजी के रेट बढ़ने से लखनऊ के लोगों में मायूसी देखने को मिली।

दीपावली से पूर्व प्रादेशिक कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन द्वारा संचालित पराग के गोल्ड मार्का दूध के दाम में दो रुपये की वृद्धि कर आम लोगों को झटका दिया है। अमूल कम्पनी के गोल्ड मार्का के बाद पराग गोल्ड मार्का के दाम बढ़े हैं, इसका सीधा असर न्यूनतम व मध्यम आय के लोगों की जेब पर पड़ेगा।

वहीं सीएनजी व पीएनजी के रेट में वृद्धि से लोगों पर मंहगाई का व्यापक असर देखा जा रहा है। लखनऊ में ज्यादातर स्कूलों की बसों को सीएनजी से संचालित किया जाता है। सीएनजी के रेट में उछाल से स्कूल प्रबंधकों को खासा कठनाई होगी, वहीं रोजाना अपने चार पहिया वाहनों में सीएनजी का उपयोग करने वाले लोगों को जेब ढीली करनी पड़ेगी। लोगों के घरों में पाइप से मिलने वाली गैस व्यवस्था पीएनजी के दाम में वृद्धि हुई है, इसका भी असर सामान्य रुप लोगों में देखा जाएगा।

दीपावली के निकट बाजार में इलेक्ट्रानिक सामान व झालरों की बेतहाशा बिक्री होती है। इस बार झालरों के रेट में दस से बीस रुपये का इजाफा हुआ है। महंगे झालरों के रेट बाजार में 60 रुपये से 100 रुपये तक हो रहे हैं। वहीं चाइनीज झालरों का रेट पिछले बार के मुकाबले जस का तस है।

आवश्यक वस्तुओं के रेट में वृद्धि का असर वैसे तो बहुत होगा लेकिन इसका दीपावली के बाजार पर असर होता कम दिखाई पड़ रहा है। एक्सपर्ट की मानें तो दीपावली से पहले एलपीजी, पेट्रोल या डीजल के दाम में वृद्धि के कोई आसार नहीं है।