फिरोजाबाद, 22 सितम्बर (हि.स.)। जनपद में भारी बारिश के चलते गुरुवार को जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। जनपद में कई स्थानों पर बारिश के चलते मकान की दीवारें गिरने से बालक सहित तीन लोगों की मौत हो गयी। जबकि कई लोग घायल भी हो गये। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया है।
शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला वंशी नगर निवासी सुनील का जर्जर मकान भारी बारिश के कारण भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में सुनील का पुत्र शिवम उर्फ बाबू (6) के साथ परिवार के अन्य सदस्य दब गये। चीख पुकार मचने से आसपास के लोग मौके पर आ गये। इधर सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक बालक शिवम की मौत हो गयी। जबकि परिवार के सात सदस्यों के साथ राहत बचाव कार्य में जुटा एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। आनन फानन में सभी घायलों को शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। जहां उन्हें भर्ती कर उपचार दिया। घायलों में रीना (25) पत्नी सुनील, रोहित (20) पुत्र रामदीन, पुष्पा देवी (62) पत्नी रामदीन, पूनम (25) पत्नी गिरीश बाबू, राजन (4) पुत्र गिरीश बाबू, डेढ़ वर्षीय पलक पुत्री गिरीश बाबू, देव (7) पुत्र गिरीश बाबू निवासीगण वंशी नगर शिकोहाबाद व सिपाही अजय निवासी आगरा है। घटना की सूचना पर डीएम रवि रंजन व एसएसपी आशीष तिवारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों को हाल जाना।
घटना पर मुख्यमंत्री ने जताया दु:ख
शिकोहाबाद के वंशी नगर में हुई इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक की आत्मा की शांति के साथ ही घायलों के शीघ्र लाभ की कामना की है। उन्होंने अधिकारियों से घायलों को समुचित उपचार दिलाये जाने के निर्देश दिये हैं।
दूसरी घटना थाना एका क्षेत्र के गांव नगला गवे में हुई। यहां मकान की दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर इशाक अली (57) असगर अली की मौत हो गयी। हादसे में उसका पुत्र जाहिद अली घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं तीसरा हादसा थाना लाइनपार क्षेत्र के नगला विष्णु का है। यहां मकान की दीवार गिरने से रामप्रकाश (60) पुत्र गुड्डू दबकर घायल हो गये। घायल को अस्पताल लाया गया। जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गयी। परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराये ही घर ले गये।
इसके साथ ही अन्य स्थानों पर बारिश के चलते दीवार व छत गिरने से विशाल (17) पुत्र मुकेश निवासी त्रिलोलपुर नारखी, बेदवती (40) पत्नी नाहर सिंह निवासी माली पट्टी थाना बसई मौहम्मदपुर, विकास (18) पुत्र रामखिलाड़ी, सुरेश चन्द्र (50) पुत्र मक्खन लाल व षीला देवी पत्नी भूरी सिंह निवासी चण्ड़िका टूण्डला घायल हो गये। घायलों को अस्पताल लाया गया है।