श्री काशी विश्वनाथ धाम में 71 पात्र लोगों को आवंटित की गई दुकानें, आये थे 82 आवेदन

Share

27HREG423 श्री काशी विश्वनाथ धाम में 71 पात्र लोगों को आवंटित की गई दुकानें, आये थे 82 आवेदन

-17 अक्टूबर को होगी दूसरी नीलामी

वाराणसी, 27 सितम्बर (हि.स.)। श्री काशी विश्वनाथ धाम बनने के बाद पहली बार दुकानों की नीलामी मंगलवार को की गई। पहली बार के नीलामी में कुल 82 आवेदन प्राप्त किए गए। जिनको चयन समिति ने पात्रता के आधार पर 71 लोगों को चुना और उनको दुकानें आवंटित कर दी गईं।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर विस्तारीकरण सुंदरीकरण परियोजना के निर्माण के दौरान जिन किरायेदार दुकानदारों को विस्थापित किया गया था। उनको दुकानों के आवंटन का कार्य विश्वनाथ धाम के मल्टीपरपज हाल में आज अपरान्ह एक बजे से किया गया। इसमें दुकानों के लिए जितने आवेदन आए थे उन सभी लोगों को बुलाकर उनके सामने खुली नीलामी कराई गई। जिलाधिकारी की ओर से नामित अपर जिलाधिकारी कानून व्यवस्था व प्रोटोकॉल बच्चू सिंह सहित मंदिर के कई अधिकारियों के समिति ने इस कार्य को पूर्ण कराया। पहली बार में कुल 82 आवेदन मंदिर कार्यालय में हुआ था। इस आवेदन में जो पात्रता रखी गई थी, उसके आधार पर मात्र 71 आवेदन ही पात्र पाए गए। जिनको दुकानें आवंटित कर दी गई हैं। जो लोग अभी दुकानों से वंचित रह गए हैं उनके लिए अगली तिथि 17 अक्टूबर तय की गई है। इस नीलामी के दौरान डिप्टी कलेक्टर, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश मिश्रा, वित्त नियंत्रक, काशी विश्वनाथ गली व्यवसाई संघ के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।