रतलाम: पोषण आहार घोटाले को लेकर महिला कांग्रेस ने दिया राज्यपाल के नाम ज्ञापन

Share

रतलाम, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश में हाल ही में सामने आए पोषण आहार वितरण में कथित गड़बड़ी को लेकर शुक्रवार को शहर महिला कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में आंगनबाड़ी के बच्चों के पोषण आहार का मामला सामने आया है। यह विभाग स्वयं मुख्यमंत्री के पास है। करोड़ों रुपये का कई किलो वजनी पोषण आहार कागजों में ट्रक पर आया। लेकिन जांच में वह मोटरसाइकिल, ऑटो इत्यादि पर दिखाया गया है। लाखों बच्चे ऐसे हैं जो स्कूल नहीं जाते हैं। उनके नाम पर भी करोड़ों का राशन बांट दिया गया है। मुख्यमंत्री के अपने ही विभाग में 110.83 करोड़ मूल्य के राशन का फर्जीवाड़ा हुआ है। इसके अतिरिक्त राशन निर्माण संयंत्रों में भी 58.00 करोड़ की हेराफेरी हुई है। कुल मिलाकर 168.83 करोड़ की हेराफेरी हुई है।

शहर महिला कांग्रेस ने मांग की हैं कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल की जांच एक निष्पक्ष एजेंसी से करवाई जाए एवं शिवराज सरकार को तत्काल भंग किया जाए। ज्ञापन देते समय शहर महिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष कुसुम चाहर के साथ, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, वरिष्ठ नेता पारस सकलेचा, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, कमरुद्दीन कछवाय, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता तथा कांग्रेस नेत्रियां उपस्थित थी।