प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत बनाने का जो सपना देखा है उसे हमें साकार करना है : सुनील ओझा

Share

-वोकल फाॅर लोकल प्रदर्शनी में लगाए गए स्थानीय उत्पादों के 50 से अधिक स्टाल

– राज्य पुरस्कारों के लिए चयनित शिल्पियों को बाटें गये पुरस्कार

वाराणसी, 23 सितम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर भारतीय जनता पार्टी के सेवा पखवाड़े में शुक्रवार को बड़ालालपुर स्थित पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित वोकल फाॅर लोकल प्रदर्शनी का शुभारंभ पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा ने किया। प्रदर्शनी में स्थानीय उत्पादों के 50 से अधिक स्टालों का अवलोकन करने के बाद ओझा ने शिल्पियों को जमकर सराहा।

पार्टी संगठन के निर्देशानुसार स्थानीय उत्पादो को प्रमोट करने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी में रखे उत्पादो को खरीदा तथा उसे सोशल मीडिया पर अपलोड भी किया। इस दौरान प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा ने राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेताओं को पुरस्कार बाटें एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। सुनील ओझा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को आत्मनिर्भर भारतष् बनाने का जो सपना देखा है उस सपने को हमें साकार करके दिखाना है। आज भारत दुनियाभर में सबसे बड़े बाजार के रूप में देखा जाता है। पूरी दुनिया अपने उत्पाद को हमें बेचना चाहती है । वह इसलिए कि हम दुनिया के सबसे बड़े खरीदार हैं ।लेकिन हमें हमारे देश की तरक्की के लिए दुनियाभर के बाजार में अपने उत्पादों को पहुंचाकर आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करना होगा।

ओझा ने कहा कि हमें अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर दूसरों पर निर्भर रहने की मानसिकता से उबरना होगा। कोरोना कालखंड में हमारी स्थिति ऐसी थी कि न हमारे पास मास्क था और ना ही वैक्सिन थी । लेकिन प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के परिकल्पना की ही देन थी। जो हमने मास्क बनाया और रिकार्ड समय में वैक्सीन भी बनाई और दुनियाभर के देशों को भी उपलब्ध कराई।

उन्होंने कहा कि काशी सर्व. विधा की राजधानी है। यहां अनेक संभावनाए छिपी हुई हैं जिन्हें हमें परखना होगा और उन संभावनाओं को आकार देकर विश्व के बाजार तक पहुंचाना होगा। काशी विश्वनाथ कॉरीडोर का निर्माण और उसके पश्चात यहाँ एक दिन में पांच लाख पर्यटकों का आना एक ऐतिहासिक कदम साबित हुआ और काशी के पर्यटन को बढ़ावा मिला। इसी तरह देव दीपावली के समय हम मिट्टी के दिये जलाकर अनगिनत पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। काशी अद्भुत है यहां किसी भी उत्पाद की ब्रांडिंग के लिए आपको इंतजार नही करना होगा। हम सभी को मिलकर हमारी काशी और हमारे देश के उत्पादों को वैश्विक मंच और बाजार प्रदान कर आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करना होगा।

कार्यक्रम में एक जनपद एक योजना के अन्तर्गत 6 लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाणपत्र, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के अन्तर्गत 8 लाभार्थियों को चेक व प्रमाणपत्र, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत 6 लाभार्थियों को चेक व प्रमाणपत्र, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के 20 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिया गया। इसके अलावा संजय मेमोरियल महिला महाविद्यालय की 100 छात्राओं को स्मार्ट फोन वितरित किया गया।

कार्यक्रम को महापौर मृदुला जायसवाल, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, संयुक्त आयुक्त उद्योग उमेश सिंह, उपायुक्त मोहन शर्मा, राजेश भाटिया आदि ने भी संबोधित किया।