अनूपपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा प्रमुख सचिव पर्यटन व मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिवशेखर शुक्ला के नेतृत्व व मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक विवेक श्रोत्रिय के मार्गदर्शन में साहसिक पर्यटन गतिविधियों के विकास तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्यय से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं। इसी क्रम में खजुराहो से प्रदेश के अन्य पर्यटन गंतव्यों एवं प्रमुख टाईगर रिजर्व को जोड़ने बाईकिंग गतिविधि,Riders in the wild का आयोजन अनुबंधित संस्था MOUSTACHE ESCAPE जयपुर के माध्यम से किया जा रहा है। जिसका शुभारम्भ 21 सितम्बर को खजुराहो से होकर समापन विश्व पर्यटन दिवस 27 सितम्बर 2022 को भोपाल में किया जाएगा। यह बाइकर्स गुरुवार, 22 सितम्बर को अमरकंटक पहुंचेंगे और यहां नर्मदा उद्गम मंदिर में आरती, कपिलधारा व दूधधारा प्रपात का अवलोकन करेंगे।
बाइकर्स द्वारा बाईकिंग के दौरान पन्ना डायमंड माईन्स, पाण्डव की गुफाएं, मैहर में शारदा मां मदिर दर्शन, बांधवगढ़ नेशनल पार्क का भ्रमण, अमरकंटक में नर्मदा आरती, कपिलधारा व दूधधारा प्रपात का अवलोकन तथा कान्हा में आदिवासी ग्राम भ्रमण, पेंच में रिवर बोटिंग, तामिया व पातालकोट में आदिवासी संस्कृति से परिचय तथा मढ़ई में बोट सफारी इत्यादि गतिविधि का अनुभव लिया जाएगा। जिला पर्यटन एवं पुरातत्व परिषद की सचिव महिला बाल विकास विभाग की सहायक संचालक मंजूषा शर्मा ने बताया है कि साहसिक पर्यटन गतिविधि के तहत सुपर बाईक से 32 बाईकर्स बाईकिंग के दौरान 22 सितम्बर 2022 को अमरकंटक आएंगे व पवित्र नगरी अमरकंटक के नर्मदा उद्गम मंदिर में आरती, कपिलधारा व दूधधारा प्रपात का अवलोकन करेंगे।