लखनऊ, 09 जुलाई (हि.स.)। प्रदेशभर में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) बूथ सशक्तीकरण अभियान चला रही है। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में किसी न किसी नेता की ड्यूटी लगाई गयी है। लखनऊ लोकसभा की जिम्मेदारी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी को सौंपी गयी है। सुधांशु त्रिवेदी इन दिनों राजधानी लखनऊ में लगातार कैम्प कर कार्यकर्ताओं से संम्पर्क व संवाद के जरिए कमजोर बूथों को मजबूत कर रहे हैं।
सुधांशु त्रिवेदी ने लखनऊ लोकसभा की प्रत्येक विधानसभा में कम से कम 20 बूथों पर स्वयं जाकर स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जमीनी हकीकत जानने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता यदि कोई स्थानीय समस्या उनके समक्ष उठाता है तो उसका भी निराकरण वह करा रहे हैं।
इस संबंध में भाजपा प्रवक्ता सुधांशू त्रिवेदी ने शनिवार को कैसरबाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पदाधिकारियों से सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हमें पार्टी के कमजोर बूथों को चयनित करते हुए उन बूथों को मजबूत करने के लिये निरंतर स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उसको जीतने के लिए काम करना है।
इस दौरान क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद कायम रखें और उनकी समस्याओं का समाधान करायें। इसके अलावा समाज के सभी वर्ग के लोगों से व्यवहार बनाकर भाजपा के साथ जोड़ने का काम करें। महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा,महानगर महामंत्री सुनील यादव,पूर्व विधायक सुरेश तिवारी,रजनीश गुप्ता, पुष्कर शुक्ला और त्रिलोक सिंह अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।