अनूपपुर: पंचायत चुनाव में बहिष्कार की चेतवनी के बाद अधिकारी पहुंचे गांव, लगाई चौपाल

Share

अनूपपुर, 6 जुलाई (हि.स.)। आजादी के बाद से अब तक बिजली के अभाव में अंधेरे में जी रहे निमहा गांव के ग्रामीणों की ओर से आगामी 8 जुलाई को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव बहिष्कार की खबर हिन्दुस्थान समाचार में सोमवार को प्रकाशन के बाद बुधवार को कोतमा एसडीएम ग्रामीणों के बीच पहुंचे। जहां चौपाल लगाकर ग्रामीणों को समझाइश दी।

बुधवार को एसडीएम मायाराम कोल के साथ जपं सीइओ कोतमा, सहायक अभियंता विद्युत वितरण केंद्र कोतमा एवं थाना प्रभारी बिजुरी निमहा पहुंचे थे। जहां विद्यालय भवन में ग्रामीणों की चौपाल लगाते हुए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। यहां आज तक विद्युतीकरण का कार्य नहीं हो पाया है। जिसके कारण यहां के ग्रामीण आज भी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। जिसे लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने इस समस्या पर प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताते हुए चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी थी।

ग्रामीणों ने कहा अंधेरे में कैसे रहे, जरा सोचिए

एसडीएम मायाराम कोल को ग्रामीणों ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि वन भूमि क्षेत्र में स्थित होने के कारण आज तक यहां विद्युत लाइनों का विस्तार नहीं हो पाया है। जिसके कारण उन्हें आज भी अंधकार में रहने को विवश होना पड़ रहा है। लाइट नहीं होने के कारण रात के समय बच्चों की पढ़ाई बंद रहती है। इसके साथ ही जहरीले जीवों का खतरा भी बना रहता है। इस पर एसडीएम ने लिखित में कहा 3 महीने में लग जाएगी बिजली। वहीं ग्रामीणों ने कहा विद्युत पोल गिरा दें तभी करेंगे मतदान। ग्रामीणों का कहना था कि अधिकारी गांव में सप्लाई के लिए विद्युत पोल गिरा दें हम भरोसा कर लेंगे कि अब बिजली लग जाएगी। बिना बिजली पोल गिराए ग्रामीणों ने मतदान करने से साफ मना कर दिया।