फिरोजाबाद, 15 जून (हि.स.)। थाना रसूलपुर क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार को एक महिला की संदिग्धावस्था में विषाक्त सेवन से मौत हो गयी। मृतका पति से तलाक के बाद किसी अन्य युवक के साथ रह रही थी। मृतका की मां ने इस युवक पर हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल लायी है।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के आसफाबाद निवासी उपासना (23) की संदिग्ध परिस्थतियों में जहर खाने से मौत हो गयी। मृतका के साथ आये उसके भाई गोपाल ने बताया कि उसकी बहिन की शादी पुष्पेंद्र नामक युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद पति से आये दिन झगड़ा होने के कारण उसकी बहिन उपासना ने पुष्पेंद्र से 3 वर्ष पूर्व तलाक ले लिया था। उसके बाद वह कोटला चुंगी निवासी कान्हा नामक युवक के साथ रह रही थी। उसने बताया कि मंगलवार को उपासना और कान्हा के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। कान्हा ने उपासना के साथ मारपीट की थी।
उसने बताया कि कान्हा बुधवार को उसकी बहिन उपासना को अचेतावस्था में उसके घर के पास छोड़ गया। जव वह बहिन को उपचार क लिये सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर आए तो वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की मां का रोकृरोकर बुरा हाल है। मां का आरोप है कि कान्हा ने उनकी बेटी की हत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।