– ऑनलाइन करें आवेदन, पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दी जाएगी पम्प
देवरिया, 17 जून ( हि.स.)। जनपद में 25 जून से राज्य सरकार द्वारा किसानों को प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान (पीएम कुसुम) के तहत अनुदान पर सोलर पम्प उपलब्ध कराया जाएगा। उक्त बातें जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को कही।
उन्होंने बताया कि अनुदानित सोलर पम्प पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दी जाएगी। योजना का लाभ उठाने के लिए कृषकों को विभागीय वेबसाइट www.upagriculture.com पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इसी वेबसाइट पर बने ”अनुदान पर सोलर पम्प” लिंक पर क्लिक करके ऑनलाइन बुकिंग की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टोकन जनरेट करने के उपरांत कृषक को चालान के माध्यम से कृषक अंश की धनराशि 1 सप्ताह के अंदर किसी भी इंडियन बैंक की शाखा में जमा करनी होगी अन्यथा कृषक का चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा। 2 एचपीडीसी सर्फेस के सोलर पम्प हेतु 1,44,526 बाजार मूल्य के सापेक्ष कृषक को महज 57,810 रुपये चुकाने होंगे। शेष 86,716 रुपये की रकम सरकार द्वारा अनुदान के रूप में दी जाएगी। 5 एचपीएसी सबमर्सिबल के लिए बाजार मूल्य 2,73,137 के सापेक्ष कृषक को 1,09,255 रुपये ही चुकाने होंगे। शेष 1,63,882 रुपये सरकार द्वारा अनुदान के रूप में प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि इसी प्रकार विभिन्न क्षमता वाले सोलर पम्प के लिए भिन्न-भिन्न मूल्य निर्धारित हैं, जिनका अवलोकन वेबसाइट पर किया जा सकता है। 22 फीट तक की गहराई के लिए 2 एचपी सर्फेस, 50 फीट तक के गहराई के लिए 2 एचपी सबमर्सिबल, 150 फीट तक की गहराई के लिए तीन एचपी, 200 फीट की गहराई के लिए 5 एचपी और 300 फीट की गहराई के लिए 7.5 एचपी तथा 10 एचपी के सोलर पम्प उपयुक्त होगी। उन्होंने कहा कि सोलर पम्प पर्यावरण के अनुकूल है। इसका प्रयोग करने से किसानों की पेट्रोल/डीजल से निर्भरता कम होगी और उनके आर्थिक हितों की भी रक्षा होगी। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाने का अनुरोध किया।