हिन्दू जागरण कार्यकर्ताओं ने उदयपुर की घटना पर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन - सरस जनवाद

हिन्दू जागरण कार्यकर्ताओं ने उदयपुर की घटना पर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

Share

नैनीताल, 30 जून (हि.स.)। हिन्दू जागरण, नैनीताल संस्था ने उदयपुर में हुई कन्हैया लाल तेली की निर्मम हत्या पर जिलाधिकारी के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर इस तरह की जघन्य घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में जिला कार्यालय के प्रभारी राहुल साह को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि आतंकवादियों ने दिनदहाड़े नृशंस तरीके से की गई यह हत्या राज्य की कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है। राजस्थान में जब से कांग्रेस सरकार बनी है, तभी से लगातार हिंदुओं पर हमलों की घटनाएं हो रही हैं। इससे लगता है कि हिंदुओं पर हमला करने वाले एक संप्रदाय विशेष के लोगों को राजस्थान सरकार का संरक्षण प्राप्त है। इसलिए ऐसी सरकार को बर्खास्त किए जाने की आवश्यकता है।

यह भी कहा है कि इस घटना में हत्यारे खुलेआम धार्मिक नारे लगा रहे हैं, और देश के प्रधानमंत्री की भी हत्या करने की खुली धमकी दे रहे हैं। इसलिए इस घटना की जांच सीबीआई या अन्य किसी केंद्रीय एजेंसी से जांच होनी चाहिए। साथ ही हिंदुओं को भयभीत करने वाले ऐसे जेहादी मानसिकता के लोगों के खिलाफ देश में कड़े कानून बनाने की जरूरत है। मामले में कन्हैया लाल को सुरक्षा मांगे जाने के बावजूद उपलब्ध न कराने वाले पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सह संयोजक भास्कर जोशी, प्रदेश सह विधि प्रमुख राहुल कंसल, प्रांत प्रचार प्रमुख हरीश राणा, नगर अध्यक्ष पान सिंह बिष्ट, गिरीश जोशी, अमित मेहरा, सुनील उपाध्याय, हेमंत मेहरा, अर्जुन जीना व मनोज जोशी आदि लोग मौजूद रहे।