कानपुर, 16 जून (हि.स.)। देश में आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। जिसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिकों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जाग्रत करते हुए स्वतंत्रता के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना है। इसके लिए 11 से 17 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। यह बातें गुरुवार को जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने कही।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 11 से 17 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा कार्यक्रम मनाया जायेगा। कहा कि शासन के निर्देशानुसार आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा कार्यक्रम की पूरी तैयारी समय से पूर्ण कर ली जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को अपने घर एवं प्रतिष्ठानों पर झंडा फहराने के लिए प्रेरित करना है। हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रत्येक सरकारी अधिकारी/कर्मचारी, शिक्षकगण, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों, विभिन्न नागरिक संगठनों आदि के सहयोग से क्रियान्वयन करने, वाणिज्यक एवं व्यवसायिक समूह एवं संगठनों को उनकी सहभागिता एवं तिरंगा झंडा बनवाने के लिए सहयोग लिया जायेगा। ग्राम पंचायत स्तर पर जागरुकता सत्र का आयोजन करते हुए ग्राम प्रधानों को शत-प्रतिशत घरों, दुकानों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों तथा नलकूपों इत्यादि पर झंडा फहराने के लिए प्रेरित करें। सभी प्राथमिक/माध्यमिक स्कूलों में अभिभावक, अध्यापक मीटिंग के माध्यम से हर घर झण्डा कार्यक्रम की सभी को जानकारी दी जायेगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ महेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (नगर) अतुल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।