इमा कप रांची जिला कराटे प्रतियोगिता 25 जून से

Share

रांची, 11 मई (हि.स.)। इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी (इमा) के तत्वावधान में 10वीं इमा कप रांची जिला कराटे प्रतियोगिता का आयोजन 25 और 26 जून को रांची में होगा। प्रतियोगिता की मेजबानी बिशप हार्टमैन एकेडमी करेगी। प्रतियोगिता में रांची के विभिन्न स्कूलों एवं क्लबों से लगभग 300 प्रतिभागी एवं 50 पदाधिकारी भाग लेंगे।

प्रतियोगिता वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के नियमों के अनुसार आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में 50 स्वर्ण पदक के लिए सभी खिलाड़ी आपस में भिड़ेंगे। प्रतियोगिता आयु और वजन वर्ग में की जाएगी। 18 वर्ष से नीचे वाले खिलाड़ी आयु वर्ग में भाग लेंगे, जबकि उससे ऊपर वाले खिलाड़ी वजन वर्ग में भाग लेंगे। इसमें पुरुष वर्ग एवं महिलाएं वर्ग दोनों शामिल होंगे।

इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के तकनीकी निर्देशक सुनील किस्पोट्टा ने बुधवार को बताया कि कोविड के बाद यह पहला प्रतियोगिता रांची में आयोजित किया जा रहा है। इसमें रांची के विभिन्न स्कूलों और क्लबों के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।