हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। श्री चेतन गिरी आश्रम के अध्यक्ष और श्री पंच दशनाम आह्वान अखाड़ा के ब्रह्मलीन महंत स्वामी जगदीशानंद गिरि महाराज का श्रद्धांजलि एवं पट्टाभिषेक समारोह सभी अखाड़ों के संतों के सानिध्य में किया गया।
आह्वान अखाड़ा के श्रीमहंत समुद्र गिरी की महाराज की अध्यक्षता में आयोजित श्रद्धांजलि और पट्टाभिषेक समारोह में संतों ने ब्रह्मलीन स्वामी जगदीशानंद गिरी महाराज भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए एक महान संत बताया एवं उनके स्थान पर महंत बाल गिरी महाराज को तिलक चादर प्रदान कर चेतन गिरी आश्रम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अध्यक्षीय संबोधन में श्रीमहंत समुद्र गिरी महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी जगदीशानंद महाराज ने जीवन पर्यन्त अखाड़ा की परंपरांओं का पालन करते हुए सनातन धर्म संस्कृति के उत्थान में अहम योगदान दिया।
बाबा हठयोगी महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी जगदीशानंद गिरी महाराज एक महान संत थे। जिन्होंने जीवन पर्यंत सनातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए भारतीय संस्कृति के संरक्षण संवर्धन में अपना योगदान प्रदान किया। चेतन गिरी आश्रम के नवनियुक्त महंत बाल गिरी महाराज ने कहा कि जो दायित्व उन्हें सन समाज द्वारा सौंपा गया है। उसका वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे और जीवन पर्यंत स्वामी जगदीशानंद गिरि महाराज के आदर्शों को अपनाते हुए राष्ट्र उत्थान एवं मानव सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।
श्रद्धांजलि देने वालों में महंत बिहारी शरण, महंत गोविंद दास, स्वामी गिरिशानंद, महंत दुर्गादास, महंत रघुबीर दास, महंत विष्णुदास, स्वामी चिदविलासानंद, स्वामी नारायणानंद, महंत विजय गिरी, समाजसेवी सुरेश कुमार, गुरुबचन, ठाकुर मानसिंह आदि शामिल रहे।