मुरादाबाद में जगह-जगह सजीं ईको फ्रेंडली होली, गोबर की लकड़ियों से किया होलिका दहन

Share

-दिव्या केयर बैलेंस फाउंडेशन की संस्थापिका व संचालक ने बताया- महानगर में 50 से अधिक स्थानों पर हुआ दहन

मुरादाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। दिव्या केयर बैलेंस फाउंडेशन के तत्वावधान में इको फ्रेंडली होलिका दहन कैंपेन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महानगर में 50 से अधिक स्थानों गाय के गोबर से बनी लकड़ियों से होलिका दहन किया गया।

दिव्या केयर बैलेंस फाउंडेशन की संस्थापिका व संचालक गौरी जैन ने बताया कि मुरादाबाद महानगर के मानपुर, टाउनहाल, ताड़ीखाना चौक, जीएमडी रोड, कोठीवाल नगर, इंपीरियल, कंजरी सराय, सागर सराय, लाजपत नगर, आदर्श नगर, प्रभात मार्केट, रामगंगा विहार, आनंद विहार, नया मुरादाबाद, नवीन नगर, सिविल लाइंस, जिगर कालोनी, लाइनपार, खुशालहाल नगर, गांधी नगर, हरपाल नगर, मानसरोवर कालोनी, बुद्धि विहार आदि कई स्थानों पर ईको फ्रेंडली होलिका दहन किया गया।

गौरी जैन ने आगे बताया कि शहर में 50 से भी अधिक स्थानों पर जहां बूढ़ी गाय का पालन किया जा रहा है, जिनका दूध ना देने के कारण पालन करना कठिन होता हैं उनके गोबर से लकड़ी बनवाकर लोगों को रोजगार दिया गया। इससे शहर की कई सारी गौशालाएं भी आत्मनिर्भर हो रही हैं। एक ही दिन में हजारों पेड़ों को कटने से बचाया जा रहा है। महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। इको फ्रेंडली होलिका दहन के इतने सारे फायदे होने के कारण शहर के लोगों ने भी इस ओर बहुत ज्यादा प्रोत्साहन दिया है।