आईपीएल : मुंबई को दोहरा झटका, पहले मिली हार व उसके बाद कप्तान पर लगा जुर्माना - सरस जनवाद

आईपीएल : मुंबई को दोहरा झटका, पहले मिली हार व उसके बाद कप्तान पर लगा जुर्माना

Share

मुंबई, 28 मार्च (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस को दोहरा झटका लगा है, पहले टीम के हाथ से निश्चित लग रही जीत फिसली, उसके बाद धीमी ओवरगति के कारण कप्तान रोहित शर्मा पर 12 लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया है।

आईपीएल द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “मुंबई इंडियंस पर 27 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 मैच के दौरान धीमी ओवर गति के कारण जुर्माना लगाया गया है।”

बयान में आगे कहा गया, “चूंकि यह आईपीएल की आचार संहिता के तहत न्यूनतम ओवर रेट अपराधों से संबंधित टीम का सीजन का पहला अपराध था, इसलिए मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।”

मैच की बात करें तो इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 178 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही और उसके बाद लगातार विकेट भी गिरते रहे. मैच अंत तक पहुंचा तो दिल्ली को 30 गेंदों में 56 रनों की जरूरत थी और उसके 6 विकेट भी गिर गए थे, लेकिन यहां से ललित यादव (नाबाद 48) और अक्षर पटेल (नाबाद 38) ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से टीम को जीत दिला दी।