श्रमदान से साफ हुआ थाना परिसर, बैरक और कार्यालय

Share

गोरखपुर, 13 मार्च (हि.स.)। पुलिस का नाम आते ही रोबीला और चुस्त-दुरुस्त ड्रेस से सजे एक चेहरे की छवि मानसपटल पर छा जाती है, लेकिन रविवार को इसका एक दूसरा चेहरा भी देखने को मिला है। कंधे पर लटकती राइफल नहीं, बल्कि माथे पर पगड़ी और हाथों में झाड़ू-फावड़ा लिए पुलिसकर्मी सुबह से ही पसीना बहा रहे थे। न सिर्फ कार्यालयों की साफ-सफाई में जुटे थे बल्कि बैरकों की सफाई के साथ परिसर में उगे झाड़-झंखाड़ों की कटाई भी कर रहे थे।

दरअसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा ने 13 मार्च को सभी थाना परिसरों के साथ कार्यालयों और बैरकों की सफाई का निर्देश दिया था। रविवार सुबह से ही इस कार्य को अंजाम तक पहुंचाने के लिए सभी थानों की पुलिस ने अपने कंधों पर राइफल लटकाने की जगह हाथों में झाड़ू पकड़ लिया और कंधों पर फावड़ा उठा लिया। दोपहर होते-होते जिले के सभी थाना परिसर घास-फूस और झाड़-झंखाड़ से साफ-सुथरे हो गए। थाना कार्यालयों की चमक भी बढ़ गयी। बैरकों को चमाचम कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा का कहना है कि रविवार को सभी थानों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। बैरकों की सफाई हुई। कार्यालयों में जमी धूल उड़ाई गयी। थाना परिसरों में फैली झाड़ियों की सफाई भी हुई। विशेषकर, थाना परिसर में खाली पड़े स्थानों पर बेतरतीब उगी हुई घास को कटवाने एवं गंदगी की साफ-सफाई के निर्देश दिए थे। अब गंदगी से होने वाली बीमारियों को रोका जा सकेगा। सफाई अभियान में थानों के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे और श्रमदान कर सफाई को पूरी निष्ठा के साथ अंजाम तक पहुंचाया। यह अब नियमित तौर पर होता रहेगा।