औरैया, 08 मार्च (हि.स.)। फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किसान सोमवार रात खेत पर फसल की रखवाली करने गया। इस बीच सेंधमारी कर चोर किसान के घर से जेवरात और नकदी पार कर ले गए। मंगलवार को पत्नी व बच्चों के उठाने पर घटना की जानकारी हुई और सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर जल्द चोरों को पकड़ने की बात कही।
थाना क्षेत्र के गांव इटहा निवासी किसान अजय सिंह पुत्र सुरेश सिंह बीती रात आवारा जानवरों से फसल की रखवाली करने अपने खेतों पर गया था। घर पर पत्नी और बच्चे थे। रात में किसी समय घर के पीछे कमरे की दीवार में सेंध लगाकर चोर कमरे में घुस आए। इसके बाद अंदर रखे बक्सा का ताला तोड़कर उसमें से जेवरात व दस हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। जब गृहस्वामी किसान खेतों से घर आया तब चोरी का पता चला। पीड़ित ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में प्रार्थना पत्र दिया है।
फफूंद थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि चोरी की घटना की जांच चल रही है।