देहरादून :- देहरादून के गढ़ी कैन्ट स्थित शहीद दुर्गा मल्ल पार्क में 31 अक्टूबर को एक दिवसीय गोर्खा दशैं-दीपावली महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के आयोजक व संयोजक वीर गोर्खा कल्याण समिति ने यह जानकारी शुक्रवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता के दौरान दी।
वीर गोर्खा कल्याण समिति के अध्यक्ष श्रवण सिंह प्रधान ने बताया कि नेपाल की अंतरराष्ट्रीय लोकगायिका निर्मला थापा मगर एक दिवसीय गोर्खा दशैं-दीपावली महोत्सव में मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। देहरादून वासियों के लिए महोत्सव में खाने में गोर्खाली स्वादिष्ट व्यंजन, विभिन्न प्रकार के स्टॉलों में प्रदर्शनी, गोर्खाली पारम्परिक वेष-भूषा एवं परिधानों की प्रदर्शनी, आर्मी का खुकुरी नृत्य, दशैदिपावली नाट्य-नाटिका प्रस्तुति, बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के खेल सामग्री के साथ झूले तथा विभिन्न संस्थानों एवं समूह द्वारा शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
महासचिव विशाल थापा ने बताया कि इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे तथा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित कई अतिथि उपस्थित रहेंगे।
सांस्कृतिक सचिव देवकला दीवान के अनुसार गोर्खा दशैं-दीपावली महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम होने हैं जिसमें नेपाली, गढ़वाली, कुमाऊनी, राजस्थानी, पंजाबी व हिन्दी गानों पर सोनाली राई एवं अन्य स्थानीय कलाकारों द्वारा सुन्दर-सुन्दर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही ट्राइवल नृत्य भी प्रस्तुत किया जायेगा। वहीं इंडियन आइडल के जाने-माने कलाकार सौरब वाल्मीकि एवं बॉलीवुड गायिका शिकाएना मुखिया भी अपनी प्रस्तुति देंगे।