एक वर्ष बाद ‘रिफ्रेश’ हुई नैनी झील, खोल दिए गए गेट

Share

नैनीताल :- यहां विश्व प्रसिद्ध नैनी झील का जल स्तर 12 फिट यानी अपने उच्चतम स्तर तक पहुंच गया है। इसके बाद झील के गेट खोल दिए गए हैं।

झील को नियंत्रण करने वाले सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता केएस चौहान के अनुसार झील के गेटों झील का जल स्तर 12 फिट रखते हुए जितना जरूरी हो रहा है, उतना खोला जा रहा है। फिलहाल करीब एक इंच के आसपास गेट खोले गए हैं। उन्होंने बताया कि गेटों को खोलने के लिए मैन्युअल व हाइड्रॉलिक प्रणाली के साथ पिछले वर्ष इलेक्ट्रॉनिक स्काडा प्रणाली भी लगाई गई है। झील के गेट खोलकर सीमित पानी छोड़े जाने के बावजूद स्थानीय लोगों काे बलियानाले में न जाने को कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि नैनी झील जैसी किसी प्राकृतिक व बारिश के पानी को संग्रहीत करने वाली जल राशि के लिए पानी का निकलना यानी पानी बदलाव होना या रिफ्रेश होना अच्छा माना जाता है और जरूरी भी होता है। झील का पुराना पानी निकलने के बाद नया पानी भरने से नगरवासियों को भी स्वच्छ पानी उपलब्ध हो पाता है। इसलिए झील के गेट खोलने को झील के पर्यावरणीय स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से अच्छा माना जा रहा है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष 01 अगस्त से करीब 4-5 दिन गेट खोले गए थे। इस प्रकार करीब एक वर्ष बाद झील के गेट खोले जा रहे हैं।